ख़ौफ़: कोटद्वार में पुलिंडा मार्ग और ग्रास्टनगंज क्षेत्र में आ धमके जंगली हाथी, दहशत का माहौल

ख़ौफ़: कोटद्वार में पुलिंडा मार्ग और ग्रास्टनगंज क्षेत्र में आ धमके जंगली हाथी, दहशत का माहौल
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)।  शहर से सटे पुलिंडा मार्ग और ग्रास्टनगंज क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से लोगों में दहशत है। शुक्रवार सुबह तीन हाथी पुलिंडा मार्ग पर पहुंच गए और काफी देर तक सड़क पर ही डटे रहे। इससे मार्ग पर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। शुक्रवार सुबह भी तीन हाथी सड़क पर पहुंच गए जिससे लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हाथियों के सड़क पर डटे रहने से मार्ग पर यातायात बाधित रहा और लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। उधर, ग्रास्टनगंज क्षेत्र में भी हाथी की चहलकदमी लगातार जारी है। शुक्रवार सुबह हाथी आबादी क्षेत्र के समीप पहुंच गया जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने पटाखे फोड़कर हाथी को वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी।
कोटद्वार के रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि पुलिंडा मार्ग और ग्रास्टनगंज क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीम नियमित गश्त कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने या वीडियो बनाने का प्रयास न करें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। इससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सकता है। (फाइल फोटो)

Parvatanchal