कामयाबी: चोरी की स्कूटी बरामद करने के साथ ही शातिर बदमाश गिरफ्तार, नशे का आदी है आरोपी
हल्द्वानी(आरएनएस)। भोटिया पड़ाव चौकी क्षेत्र से पांच दिन पहले चोरी हुई एक स्कूटी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे का लती है। जिस कारण उसने स्कूटी चुराई और बेचने की फिराक में था। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव कृपाल सिंह ने बताया कि 15 जून को मनमीत सिंह सेठी निवासी ठंडी सड़क ने स्कूटी चोरी की तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी की धरपकड़ और वाहन बरामदगी के लिए टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर शुक्रवार रात एमबीपीजी कॉलेज मैदान हल्द्वानी से आरोपी को स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान विश्वजीत मंडल निवासी खेड़ा, ट्रांजिट कैंप यूएसनगर के रूप में हुई है।

