एहतियात: छात्रसंघ चुनाव से पहले ITI गैंग पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सरगना देवेंद्र सिंह को लिया हिरासत में
हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव के मतदान से पहले नैनीताल पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए ITI गैंग के सरगना बताए जा रहे देवेंद्र सिंह को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, चुनाव के दौरान किसी तरह की अराजकता अथवा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया।
पुलिस का कहना है कि ITI गैंग के नाम को लेकर छात्र-छात्राओं में भय का माहौल होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, देवेंद्र सिंह के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मतदान से पहले उसकी हिरासत को पुलिस की कानून-व्यवस्था संबंधी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस संभावित उपद्रवियों और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले तत्वों पर नजर रख रही है। इसके साथ ही वीडियो फुटेज और अन्य माध्यमों से गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता या हुड़दंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने तथा अफवाहों और विवादों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

