एक्शन: विकासनगर में परिवहन विभाग ने किए 35 वाहनों के चालान, 9 वाहन सीज
विकासनगर(आरएनएस)। एआरटीओ विकासनगर अनिल सिंह नेगी के नेतृत्व में की गई चेकिंग के दौरान नियमों के उल्लंघन में 35 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नौ वाहनों को सीज किया गया। संबंधित वाहनों के खिलाफ यह कार्रवाई ओवरलोडिंग, बिना टैक्स, बिना परमिट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा प्राइवेट वाहनों का व्यावसायिक उपयोग करने पर की गई। दो मालवाहक वाहनों के चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। इसे गंभीर अपराध मानते हुए विभाग ने दोनों वाहनों को सीज कर चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। सेलाकुई क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस संचालित मोटर वाहन प्रशिक्षण स्कूलों पर भी विभाग ने शिकंजा कसा। परफेक्ट मोटर ट्रेनिंग स्कूल और फ्रेंड्स ट्रेनिंग स्कूल में जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर उनके दो वाहनों को थाने में बंद कर संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
एआरटीओ विकासनगर अनिल सिंह नेगी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता केवल प्रवर्तन कार्यवाही तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने आमजन और वाहन स्वामियों से अपील की कि वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, यातायात नियमों का पालन करें और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

