आस्था: हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर उमड़ी कांवड़ियों की भीड़, यातायात प्रभावित
हरिद्वार। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर कांवड़ियों की भारी भीड़ के चलते प्रशासन को हाईवे का एक हिस्सा उनके हवाले करना पड़ा और यातायात को एक ही ट्रैक पर चलाना पड़ा। सुबह 4 बजे ही हजारों की संख्या में शिव भक्त कांवड़ लेकर चंडीपुल से चिड़ियापुर सीमा होते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। कांवड़ की भारी भीड़ के चलते चंडी पुल, तिरछा पुल कांगड़ी, रसियाबड़ और लाहडपुर नहर पटरी पर यात्रियों को जाम में फंसना पड़ा। जाम के चलते यातायात को 30 किमी दूरी तय करने में 6 घंटे का समय लग रहा है। वहीं कांवड़ की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने चंडी पुल से ही हाईवे का एक हिस्सा कांवड़ के जाने के लिए खोल दिया जबकि वाहनों का आवागमन एक ही सड़क पर हो रहा है। थानाध्यक्ष श्यामपुर नितेश शर्मा का कहना है कि कांवड़ की बढ़ती भीड़ की देखते हुए हाईवे का एक हिस्सा कांवड़ियों के लिए खोल दिया है। जबकि वाहनों को एक ही हाईवे पर चलाया जा रहा। कांवड़ की भारी भीड़ के चलते कुछ स्थानों पर जाम की स्थिति बन रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन व्यवस्था बनाने को तैनात है।

