आयोजन: हनोल जागरा मेले की तैयारियां तेज, 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

आयोजन: हनोल जागरा मेले की तैयारियां तेज, 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
Spread the love

चकराता (आरएनएस) महासू देवता मंदिर हनोल में 13 सितंबर को आयोजित होने वाले जागरा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में करीब 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए 22 से अधिक विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। एसडीएम त्यूणी-चकराता प्रेम लाल ने मंगलवार को सभी संबंधित विभागों को जागरा मेले की तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 10 सितंबर को मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ हनोल पहुंचकर मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण एवं समीक्षा की जाएगी। बताया कि डीएम डॉ. आशीष चौहान ने लोक निर्माण विभाग चकराता को त्यूणी-हनोल-मोरी रोड और ठडियार रोड पर पैचवर्क कराने, मलबा, स्लिप और बोल्डर हटाने तथा झाड़ियों को काटने के निर्देश दिए हैं। पीएमजीएसवाई कालसी को वैकल्पिक पार्किंग बनाने को कहा गया है। ऊर्जा निगम को मंदिर परिसर, मेला स्थल तथा ठडियार रोड और त्यूणी-हनोल-मोरी रोड पर करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में विद्युत प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यटन विभाग, जिला पंचायत और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को अस्थायी एवं बायो टॉयलेट स्थापित करने के साथ ही मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के दर्शन और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग को सौंपी गई है। वहीं मेले के दौरान दिन-रात श्रद्धालुओं को भालू, तेंदुए और सर्पदंश जैसी घटनाओं से सुरक्षा प्रदान करने की जिम्मेदारी चकराता वन प्रभाग को दी गई है.महासू देवता मंदिर समिति ने भी मेले की तैयारियां तेज कर दी हैं। समिति की ओर से विशाल भंडारे, भोजन व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए बड़े पंडाल और टेंट लगाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि महासू देवता मास्टर प्लान के कार्यस्थल पर निर्माण सामग्री पड़ी होने के कारण पंडाल लगाने और अन्य व्यवस्थाओं के संचालन में दिक्कतें आने की बात समिति की ओर से कही गई है।

Parvatanchal