दु:खांत: तहसीलदार ने मार डाला महिला पुलिस कर्मी को, पढ़िए क्या है हत्या की वजह ?
लखनऊ। शादीशुदा सरकारी अफसर के इश्क में गिरफ्तार एक महिला पुलिस कर्मी को प्रेमी से शादी करने की ज़िद जिंदगी पर भारी पड़ गई। इस ज़िद की कीमत उसे जान गंवा कर चुकानी पड़ी। प्यार के अपराध में बदल जाने की यह लोमहर्षक कथा यहां सामने आए हत्या के एक सनसनीखेज मामले से जुड़ी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यहां एक नायब तहसीलदार ने महिला सिपाही की हत्या कर उसका शव नाले में फेंक दिया। महिला कई दिनों से लापता थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूपी पुलिस मुख्यालय में तैनात महिला सिपाही रुचि कुमारी की हत्या के आरोप में प्रतापगढ़ जिला के रानीगंज में तैनात नायब तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव को हिरासत में लिया गया है. आरोप है कि आरोपी नायब तहसीलदार और महिला सिपाही के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. लखनऊ पुलिस ने आरोपी तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है. पुलिस आरोपी नायब तहसीलदार से पूछताछ में जुटी है. सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि उसके और मृतक महिला सिपाही के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. लेकिन वह अब उस पर शादी करने का लगातार दवाब डाल रही थी. इससे परेशान होकर उसने सिपाही की हत्या करने की योजना बना ली. बाद में मौका मिलने पर उसने सिपाही की हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया.
गौरतलब है कि बाराबंकी के असंद्रा थाने से स्थानांतरित होकर पुलिस मुख्यालय में तैनात महिला सिपाही रुचि पिछले दिनों संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी. इसके बाद सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुख्यालय पर तैनात अनुभाग अधिकारी ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी. महिला सिपाही सात दिन से लापता थी, जिसके बाद गुरुवार को लखनऊ में पीजीआई इलाके के माती स्थित नाले में उसका शव मिला था.
एडीसीपी पूर्वी एसएम कासिम आब्दी के मुताबिक, बिजनौर जिले की रहने वाली महिला सिपाही रुचि पुलिस मुख्यालय में तैनात थी. वह अर्जुनगंज में किराए के मकान में रह रही थी. 13 फरवरी को रुचि की ड्यूटी थी लेकिन वह काम पर नहीं पहुंची. सिपाही के गैरहाजिर होने पर उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया था. अनुभाग अधिकारी एमपी सिंह के मुताबिक, रुचि की गुमशुदगी सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज कराई गई थी. फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है.

