कामयाबी: आश्रम की गोशाला से गाय चोरी करने वाला आरोपी तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार
हरिद्वार। पुलिस ने आश्रम की गोशाला से गाय चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो कार, एक तमंचा, दो कारतूस और नकदी बरामद की गई है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। शनिवार देर रात जयराम मोड़ पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चमगादड़ टापू की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही सफेद स्कॉर्पियो पर पुलिस की नजर पड़ी। वाहन पर आगे और पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस टीम ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।पूछताछ में चालक ने अपना नाम परवेज उर्फ अल्लाहदिया निवासी मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, दो कारतूस और 5100 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी इमरान उर्फ लंबू निवासी रामपुर रुड़की के साथ मिलकर 13 मई की रात सप्तसरोवर आश्रम के पास स्थित गोशाला से गाय चोरी की थी। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी पशु चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

