खुलासा: पति एजाज ने अपने अवैध संबंध का विरोध करने पर की थी निशा परवीन की हत्या
हल्द्वानी। हल्द्वानी निवासी निशा परवीन की दिल्ली में गला घोंटकर हुई हत्या के मामले में पति के अवैध संबंध होने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक निशा के पति मो.एजाज का बाहर किसी अन्य महिला से संबंध थे। जिसका पता निशा को लगा और वह विरोध करने लगी तो दोनों में विवाद हुआ। जिसके बाद एजाज ने गला घोंटकर निशा की हत्या कर लाश बेड में छिपा दी और खुद फरार हो गया। निशा मूल रूप से हल्द्वानी के वनभूलपुरा वार्ड-32 की रहने वाली थी। कुछ साल पहले वह रोजगार की तलाश में दिल्ली गई थी। जहां उसे एक निजी कंपनी में नौकरी मिल गई थी। बताया जा रहा है कि दो साल पहले ही उसकी मुलाकात यहां वैशाली, बिहार निवासी मोहम्मद एजाज से हुई। दोनों में दोस्ती हुई जो प्यार में बदल गई। 24 अप्रैल 2026 को दोनों ने दिल्ली में प्रेम विवाह कर लिया। इसी दौरान निशा ने शादी के दो- तीन दिन बाद एजाज को किसी अन्य महिला के साथ बात करते हुए पकड़ लिया। जिसके बाद उनके रिश्ते में दरार आ गई। निशा कानूनी कार्रवाई तक की बात करने लगी, जो एजाज को नागवार गुजरा। आरोप है कि एजाज ने निशा का गला घोंटकर उसे मारने के बाद बेड के नीचे छिपा दिया और कमरे में ताला लगाकर फरार हो गया। जब कुछ दिनों में पड़ोसियों को दुर्गंध आने लगी तो शक हुआ और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, स्थानीय पुलिस को इस संबंध में जानकारी नहीं है।
निशा की थी दूसरी शादी: निशा परवीन की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले 2022 में उसकी शादी हुई, लेकिन किसी कारणवश रिश्ता लंबा नहीं चला और कुछ ही समय बाद उसका तलाक हो गया। जिसके बाद हाल ही में मो.एजाज से उसने शादी की थी।
पिता दर्जी थे, अब चलाते हैं ऑटो: निशा के पिता तस्लीम पहले दर्जी थे, लेकिन कुछ समय से वह ऑटो चलाते हैं। घटना की सूचना के बाद शनिवार को वह दिल्ली गए थे और बेटी का शव लेकर हल्द्वानी पहुंचे। जिसके बाद यहीं उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

