कामयाबी: ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई,पिल्ला गैंग के दो बदमाश तमंचा समेत किए गिरफ्तार
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले कथित पिल्ला गैंग के दो बदमाशों को तमंचा, कारतूस और नुकीले सुए के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी इंस्टाग्राम पर वर्चस्व कायम करने और कमेंटबाजी को लेकर युवकों से मारपीट करते थे। एसएसपी नवनीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस मुख्यालय की ओर से संचालित ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत सादे कपड़ों में विशेष टीम पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग कर रही थी। तभी दो फरार आरोपी पुलिस को दिखाई दिए, जिनको पुलिस ने पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण उर्फ बोडा निवासी शिवपुरी गली नंबर-5, थाना कनखल हरिद्वार और रवि सिंह उर्फ सरदार निवासी सतीघाट, थाना कनखल हरिद्वार शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक रवि उर्फ सरदार थाना कनखल क्षेत्र की कई घटनाओं में शामिल रहा है और पूर्व में पुलिस अभिरक्षा से फरार भी हो चुका है। वहीं, 10 अप्रैल 2026 को कनखल निवासी कुलदीप के पुत्र के साथ हुई मारपीट के मामले में कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें 11 आरोपियों के नाम सामने आए थे और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अन्य फरार थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक नुकीला सुआ बरामद किया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसएचओ देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र शाह, कांस्टेबल सतेन्द्र रावत, कांस्टेबल उमेद सिंह और कांस्टेबल प्रलव चौहान शामिल रहे।

