जयहिंद: शहीद आईटीबीपी जवान राजेंद्र सिंह रौथाण को दी गई अंतिम विदाई

जयहिंद: शहीद आईटीबीपी जवान राजेंद्र सिंह रौथाण को दी गई अंतिम विदाई
Spread the love

टिहरी। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सली हमले में शहीद आईटीबीपी के जवान राजेंद्र सिंह रौथाण का पार्थिव शरीर उनके पैतृक निवास कोटी गुसाईं लाया गया। जहां पूरी सैन्य सम्मान के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी गई। शहीद के पुत्र ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।
बीते 14 मार्च को छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सलियों के बिछाये आईईडी विस्फोट में कोटी गुसाईं निवासी आईटीबीपी के जवान राजेन्द्र सिंह रौथाण शहीद हो गए थे। मंगलवार को विशेष विमान से शहीद का पार्थिव शरीर देहरादून लाने के बाद उनके पैतृक गांव कोटी गुसाईं लाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी गई। शहीद का पार्थिव शरीर उनके गांव पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया। आईटीबीपी वाहन में शहीद की अन्तिम यात्रा देवप्रयाग से भागीरथी घाट पहुंची। वहां 23वीं बटालियन आईटीबीपी के जवानों ने शहीद सैनिक रौथाण को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट अरविंद जाखड़, एसडीएम सोनिया पंत, सीओ रविन्द्र चमोली, थानाध्यक्ष संजय मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख सूरज पाठक ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किये। शहीद के पुत्र सूरज सिंह रौथाण ने चिता को मुखाग्नि दी। शहीद राजेंद्र सिंह रौथाण अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी रौथाण, बेटा सूरज सिंह रौथाण व बेटी अंजना को छोड़ गए। शहीद राजेंद्र सिंह रौथाण की बेटी अंजना का विवाह हो चुका है। बीते नवंबर में राजेंद्र सिंह रौथाण छुट्टियों में घर भी आए थे। मौके पर आईटीबीपी के इंस्पेक्टर भवान सिंह जीना, एसआई होशियार सिंह, जेपी चंद, गबर सिंह बंगारी, ज्योति कैंतुरा,अशोक तिवारी,अर्जुन सिंह पंवार,जगदंबा प्रसाद आदि मौजूद रहे।

Parvatanchal