विरोध: कॉमर्शियल गैस के दाम बढ़ाने पर कांग्रेस ने किया केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

विरोध: कॉमर्शियल गैस के दाम बढ़ाने पर कांग्रेस ने किया केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
Spread the love

 

विकासनगर।  देश में बढ़ती महंगाई और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को पछुवादून कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। विकासनगर से चकराता की ओर जा रहे पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह भी जुलूस में शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने पांच राज्यों में विधान सभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त होते ही कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर आम आदमी पर आर्थिक बोझ डाला है। तिलक भवन से कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस निकालकर पहाड़ी गली चौक पर पहुंचे जहां केंद्र सरकार का पुतला दहन किया गया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आम जनता, खासकर छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहा है। सरकार ने पांच राज्यों में हुए चुनावों में फायदा लेने के लिए चुनाव से पूर्व कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि नहीं की। चुनाव समाप्त होने के बाद जनता पर आर्थिक बोझ डाला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की यह नीति रही है कि चुनाव के समाप्त होने के बाद जनता को आर्थिक बोझ तले दबा देती है। कहा कि इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से श्रद्धालुओं को भी महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन काल में हर दिन महंगाई में बढ़ोत्तरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सिर्फ पूंजीपतियों की हितैषी है। चुनाव के वक्त धार्मिक उन्माद फैलाकर वोट को अपने पक्ष में करने में माहिर हो चुकी भाजपा हर दिन आम आदमी का शोषण कर रही है। कहा कि सरकार ने जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया और गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी अपना आंदोलन और तेज करेगी।प्रदर्शन करने वालों में शहर अध्यक्ष विकास शर्मा, डाकपत्थर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, संजय जैन, विपुल जैन, पूर्व सभासद शम्मी प्रकाश, पूर्व महासचिव राजीव शर्मा, जितेंद्र रावत, मोहित बिष्ट, फुरकान अहमद, डॉ. सुभाष चंबेल, समीर अंसारी, बलजीत सिंह, फरमान अहमद, अमित रमोला, कांतिराम नौटियाल, नासिर हुसैन, परवेज, अनस मुनीर, रॉकी, भूपेश उपाध्याय, अभिराजन, श्याम चंद, एंथोनी, मनजीत चावला आदि शामिल रहे।

Parvatanchal