तंज़: मंत्री भी कंफ्यूज्ड कि कौन वर्तमान कौन निवर्तमान मुख्यमंत्री, कांग्रेस नेता का तंज़

तंज़: मंत्री भी कंफ्यूज्ड कि कौन वर्तमान कौन निवर्तमान मुख्यमंत्री, कांग्रेस नेता का तंज़
Spread the love

 

संवाददाता
देहरादून, 03 सितंबर। भाजपा इतने मुख्यमंत्री बदल चुकी है कि अब तो प्रदेश की जनता ही नहीं भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक भी कंफ्यूज हो गए हैं कि कौन वर्तमान मुख्यमंत्री है और कौन पूर्व मुख्यमंत्री।
यह बात प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने काबीना मंत्री गणेश जोशी के उस बयान पर चुटकी लेते हुए कही, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ही पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कह दिया था। कांग्रेस नेता राजीव महर्षि ने कहा कि हो सकता है कि भाजपा हाईकमान का अभी एक और मुख्यमंत्री बदलने का प्रोग्राम हो और पुष्कर सिंह धामी भी त्रिवेंद्र सिंह रावत व तीरथ सिंह रावत की तरह पूर्व मुख्यमंत्री बनने वाले हों।
महर्षि ने कहा कि भाजपा की सरकार ने चार साल में चार काम भले ही न किए हों लेकिन तीन मुख्यमंत्री बदलकर प्रदेश की जनता को खुद ही यह समझा दिया है कि वर्तमान सरकार ने अपना पूरा कार्यकाल यूं ही जनता को दिया है, कामों की उपलब्धियां शून्य हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सिर्फ जुमलेबाजी करते हैं काम नहीं। सत्ता में आते ही एक पूर्व मुख्यमंत्री ने रिस्पना को ऋषिपर्णा बनाने का दावा किया था। रिस्पना के पुनरोद्धार का क्या हुआ? एक मंत्री ने 13 जिलों में 13 पर्यटन स्थल विकसित करने की घोषणा की थी। राज्य में वह 13 टूरिस्ट डेस्टिनेशन कहां है? इन भाजपा नेताओं से कोई कुछ भी नहीं पूछ सकता। अगर पूछा तो वह इतना शोर मचाएंगे कि आप की आवाज भी उन तक न पहुंच पाए।
उन्होंने कहा कि लोग बेरोजगारी महंगाई और कोरोना से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की सच्चाई जान चुकी है तथा 2022 में भाजपा की विदाई का मन बना चुकी है।

Parvatanchal