कांग्रेस: विकासनगर में पार्टीजनों ने निकाली लोकतंत्र बचाओ रैली, सैकड़ों कार्यकर्ता हुए शामिल
विकासनगर। लोकतंत्र और मताधिकार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को विकासनगर में ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ निकाली। रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं और मताधिकार की रक्षा का आह्वान किया गया।
रैली की शुरुआत जीवनगढ़ से हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में विकासनगर बाजार से होते हुए हरबर्टपुर पहुंचे। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे और बैनर लेकर नारेबाजी की। रैली के चलते बाजार और मुख्य मार्ग पर राजनीतिक गतिविधि भी तेज रही।
रैली में चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात और पूर्व मंत्री प्रसाद नैथानी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव, मताधिकार की सुरक्षा और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता बेहद जरूरी है। रैली के माध्यम से पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी आवाज बुलंद करने का संदेश दिया।

