एक्शन: वन विभाग ने किए आदमखोर गुलदार को शूट करने के आदेश जारी, दो शूटर तैनात

एक्शन: वन विभाग ने किए आदमखोर गुलदार को शूट करने के आदेश जारी, दो शूटर तैनात
Spread the love

कोटद्वार। गढ़वाल वन प्रभाग के क्षेत्रांतर्गत पोखड़ा के भतकोट गांव में चार साल की बच्ची को मारने वाले आदमखोर गुलदार को शूट करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके लिए क्षेत्र में दो शूटर तैनात कर दिए गए हैं। गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि प्रमुख वन संरक्षक की ओर से भतकोट और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय आदमखोर गुलदार को पिंजरे में कैद करने, ट्रैंकुलाइज कर पकड़ने की अनुमति दी गई है। वहीं, सभी प्रयासों के बाद भी अगर आदमखोर गुलदार पकड़ में नहीं आता है, तब अंतिम विकल्प के रूप में उसे नष्ट करने की भी अनुमति प्रदान की गई है। डीएफओ ने कहा कि यह अनुमति केवल चिह्नित गुलदार के लिए ही मान्य है। यह अनुमति अगले एक माह तक प्रभावी रहेगी। दो शूटर क्षेत्र में तैनात किए गए हैं। ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग द्वारा पालतू मवेशियों के लिए चारा-पत्ती की व्यवस्था भी की जा रही है।
नजर नहीं आया गुलदार, पिंजरे व कैमरा ट्रैप की संख्या बढ़ाई
सतपुली। शनिवार को भतकोट में घटनास्थल के आसपास लगे कैमरा ट्रैप, सोलर सीसीटीवी एवं पिंजरों के आसपास गुलदार नजर नहीं आया। पोखड़ा के रेंज अधिकारी नक्षत्र शाह ने बताया कि शनिवार को विभाग ने पिंजरों की संख्या 2 से बढ़ाकर 6 कर दी है। वहीं, 15 कैमरा ट्रैप, 2 सोलर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं जबकि 30 वन कर्मियों की टीम अलग-अलग समूहों में गश्त कर रही है। (प्रतीकात्मक फोटो)

Parvatanchal