दहशत: गढ़वाल में भालू का आतंक बरकरार, अलग -अलग स्थानों पर तीन महिलाओं पर किया हमला
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि क्षेत्र के बनियाड़ी गांव में रविवार सुबह घास काट रही महिला पर भालू ने हमला कर दिया। बीच बचाव करने गई दूसरी महिला भी घायल हो गई। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना है। लोगों ने वन विभाग से शीघ्र भालू को दूर जंगल में भगाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह 10 बजे अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र से लगे बनियाड़ी गांव में घास काटने गई 50 वर्षीय मीना देवी, पत्नी आनंद सिंह नेगी पर भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जबकि मीना देवी की मदद करने के लिए गई दूसरी महिला लक्ष्मी देवी पत्नी राजेंद्र सिंह भी बीच बचाव करते हुए घायल हो गई। किसी तरह दोनों महिलाओं ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि भालू झाड़ियों में बैठा था और मौका पाते ही भालू महिला पर हमला करने धमक गया। खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायल महिलाओं को तत्काल राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी अगस्त्यमुनि हरिशंकर रावत अस्पताल पहुंचे जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से नियमानुसार घायलों को मुआवजा देने की कार्यवाही की जाएगी। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में भालू की बढ़ती गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र गोस्वामी व स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, साथ ही भालू को जंगल में भगाने की मांग की है, जिससे दोबारा इस तरह की घटनाएं न हो सके।
उधर,चमोली जनपद के पोखरी ब्लॉक के गुनियाला गांव में भी रविवार सुबह एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे घायल कर दिया। भालू के बढ़ते आतंक से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गुनियाला गांव की रुचि देवी (28 वर्ष), पत्नी मनोज कुमार अपने गांव की अन्य महिलाओं के साथ धमतोली के जंगल में काश्तकारी (खेती-बाड़ी) करने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला के चीखने पर साथ में मौजूद अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोखरी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रुचि देवी को घर भेज दिया। बताया गया कि उनके सिर और पेट पर घाव हैं, हालांकि स्थिति सामान्य है।

