केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीसेवा खोलने की तैयारी

केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीसेवा खोलने की तैयारी
Spread the love

देहरादून। प्रदेश में चारधाम यात्रा निकट देख अब नागरिक उड्डयन विभाग भी इसकी तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए जल्द ही हेली सेवाओं की आनलाइन बुकिंग खोलने की तैयारी है। यह बुकिंग उत्तराखंड नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (यूकाडा) के साथ ही पर्यटन विभाग की वेबसाइट के जरिये कराने की तैयारी है।यात्रियों के लिए राहत यह रहेगी कि इस बार भी केदारनाथ धाम के लिए संचालित होने वाली हेली सेवाओं का किराया नहीं बढ़ेगा। इसका कारण प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2020 में कंपनियों से तीन साल का अनुबंध करना है। इस कारण किराया इस साल भी यथावत रहेगा।प्रदेश में हर साल चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाओं का भी संचालन किया जाता है। केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं केदारघाटी के फाटा, सिरसी और गुप्तकाशी में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड से संचालित की जाती हैं। यात्रा शुरू करने से पहले कार्यालय महानिदेशक नागरिक उड्डयन (डीजीसीए) इनका सर्वे करता है। सर्वे के बाद ही हेली सेवा का संचालन शुरू होता है।

वर्ष 2020 में कोरोना के कारण चारधाम यात्रा प्रभावित रही। वर्ष 2021 में यूकाडा ने मई में फिर से हेली सेवाएं शुरू करने की तैयारी की। इस बीच कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर आ गई। इस कारण हेली सेवाएं अक्टूबर में शुरू की गईं। हालांकि, इस दौरान कोरोना संक्रमण के प्रसार पर रोक के लिए लगाए गए प्रतिबंधों के कारण सीमित संख्या में यात्रियों को हेली सेवा के जरिये जाने की अनुमति दी गई।

Parvatanchal