समर्थन: पीआरडी जवानों की मांगों के समर्थन में उतरे कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह
बोले- कांग्रेस सरकार बनने पर 365 दिन रोजगार देने की दिशा में करेंगे प्रयास
देहरादून(अलना)। प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों की 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन को कांग्रेस ने समर्थन दिया है। शनिवार को कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह देहरादून स्थित पीआरडी निदेशालय पहुंचे और आंदोलनरत जवानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान प्रीतम सिंह ने जवानों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपने अधिकारों और नियमित रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर विभिन्न सरकारी कार्यों तक में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रोजगार और अन्य सुविधाओं के लिए लगातार आवाज उठानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि जब वह प्रदेश सरकार में मंत्री थे, तब उनके कार्यकाल में पीआरडी जवानों के प्रशिक्षण और उनके हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए थे। कांग्रेस हमेशा से जवानों के हितों के प्रति संवेदनशील रही है। प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीआरडी जवानों की मांगों का पूरा समर्थन करती है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर जवानों की जायज मांगों के समाधान और उन्हें वर्षभर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जवानों की सेवाओं और उनके योगदान को देखते हुए उनके भविष्य को सुरक्षित करना जरूरी है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार और बार काउंसिल सदस्य संग्राम पुंडीर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

