आस्था: यज्ञ-हवन और पूजा के साथ शिव मंदिर रिठाली का सौंदर्यीकरण शुरू
बी. के. त्यागी
सम्भल। तहसील क्षेत्र के गांव रिठाली स्थित शिव मंदिर परिसर में बने कमरों तथा बरामदे के ऊपर एक हाल का निर्माण कराने तथा मंदिर का सौंदर्यीकरण कराने से पूर्व आज मंदिर परिसर में वैदिक परम्परा का निर्वहन करते हुए विधि विधान के साथ यज्ञ-हवन और पूजा का आयोजन किया गया। पूर्णाहुति के दौरान यज्ञाचार्य श्री जागेश पंडित जी ने सभी श्रद्धालु भक्तों को सनातन धर्म की रक्षा, अधर्म का विनाश, प्राणियों में सदभावना तथा विश्व का कल्याण करने हेतु सहयोग करने का संकल्प दिलाया।
यज्ञ-हवन के मुख्य यजमान अरविंद त्यागी एवं उनकी धर्मपत्नी शीनू त्यागी रहीं जबकि भागेश कुमार त्यागी, प्रवीन चाहल एडवोकेट तथा श्रीनिवास सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी यज्ञ की यजमान रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सत्यवीर त्यागी, सौरभ कश्यप, मयंक सागर, डाक्टर सतपाल सिंह, राजू मिस्त्री, मूलचंद एवं विकास त्यागी आदि का सहयोग रहा।

शिव मंदिर के प्रबंधक एवं पत्रकार भागेश कुमार त्यागी ने बताया कि आज से 10 साल पूर्व यह मंदिर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। यहां पर टूटे-फूटे कमरे थे, परिसर में जगह-जगह गड्ढे बने हुए थे और उनमें पानी भरा रहता था। श्री त्यागी ने बताया कि परमपूज्य श्री भोले जी महाराज एवं माताश्री मंगला जी के आशीर्वाद तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों के सहयोग से अब मंदिर परिसर काफी सुंदर हो गया है और लोगों की आस्था का केंद्र बन गया है। यहां पर भगवान शिव, मां चामुंडा देवी और जाहरवीर बाबा की मूर्तियां तथा शिवलिंग होने के कारण प्रतिदिन यहां पर सैकड़ों श्रद्धालु-भक्त दर्शन करने के लिए आते हैं। मंदिर के प्रति श्रद्धा और आस्था रखने वाले भक्तों का कहना है कि यहां पर जो भी भक्त श्रद्धा, प्रेम और समर्पण भाव से आता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती है। श्री त्यागी ने बताया कि हाल के निर्माण के बाद मंदिर परिसर में भगवान श्री गणेश जी महाराज और प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त श्री हनुमान जी की मूर्तियां स्थापित कराई जायेंगी।

