आवाज़: यहां के गांवों में गहराया पेयजल संकट, परेशान ग्रामीणों ने लगाई सीएम से गुहार
श्रीनगर (गढ़वाल)। जल जीवन मिशन के तहत सूखे पड़े नलों और पेयजल संकट की समस्या को लेकर देवप्रयाग विधानसभा के विभिन्न गांवों के ग्रामीणों परेशान हैं। गत दिवस सामाजिक कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में मुंडोली ग्रामसभा और दोग्यार गांव के लोगों ने कीर्तिनगर तहसील पहुंचकर ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि देवप्रयाग ब्लाक के दोग्यार गांव, सिलेथी (हिंडोलाखाल), भैंसपानी (जामनीखाल), सिरमौली, बनगढ़, कीर्तिनगर के मुंडोली और बकौला गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित नल कई महीनों से सूखे पड़े हैं। इससे ग्रामीणों को भारी पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी के नेता गणेश भट्ट ने प्रशासन से मांग की कि एक स्वतंत्र जांच समिति गठित कर प्रभावित गांवों में जल जीवन मिशन की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जेजेएम योजना के तहत लगाए गए कनेक्शनों व व्यवस्थाओं की जांच की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन देने वालों में कुलदीप सिंह राणा, टीकाराम रतूड़ी, आकाश सिंह नेगी, सूरज सिंह नेगी समेत भारी संख्या में अन्य ग्रामीण शामिल थे।

