शिकंजा : पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 60 लाख की स्मैक के साथ दबोचा नशा तस्कर
हरिद्वार। पथरी पुलिस ने 308 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि आरोपी बरेली से स्मैक लेकर आया था। इसे हरिद्वार और देहरादून के बड़े कॉलेजों के आसपास बेचने की योजना थी। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह गुर्जर बस्ती तिराहा, फेरुपुर के पास चेकिंग के दौरान आरोपी मोहम्मद अतीफुद्दीन पुत्र फेजुद्दीन, निवासी ग्राम मजनूपुरा, थाना भैसोरा, जिला बरेली (उप्र) को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह स्मैक बरेली निवासी गुड्डू से खरीदकर लाया था।
स्मैक बेचने जा रही महिला तस्कर भी चढ़ी हत्थे

दूसरी ओर शहर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक महिला को 8.14 ग्राम स्मैक और 1100 रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। महिला के साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के नजदीक चेकिंग में पैदल जा रही महिला पर शक होने पर उसकी चेकिंग की। महिला के पास से 8.14 ग्राम स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और नगदी मिली। आरोपी महिला ने अपना नाम दिलशाना पत्नी मोमिन निवासी मच्छी मोहल्ला रुड़की बताया। एसओ पथरी प्रभारी मनोज नोटियाल ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

