बड़ी खबर: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू, अमेरिका व नाटो देशों की कड़ी प्रतिक्रिया
नयी दिल्ली। जैसी कि आशंका बनी हुई थी, दुनिया के दो पड़ोसी देशों रूस और यूक्रेन के बीच आखिर युद्ध शुरू हो ही गया है। इस बीच युद्ध की तबाही की तस्वीरें और वीडियो सामने आने लगे हैं। यूक्रेन के कई शहरों पर क्रूज और बैलेस्टिक मिसाइल से हमला किया जा रहा है। यूक्रेन ने रूस के हमले में उसके 7 नागरिकों के मारे जाने तथा 9 घायल के घायल होने का दावा किया है। दूसरी ओर, रूस का दावा है कि उसकी सेना यूक्रेन में घुस गई है और यूक्रेन के एयर डिफेंस को तबाह कर दिया गया है। रूस के जवाब में यूक्रेन ने भी 5 रूसी जंगी विमान मार गिराने का दावा किया है। इस बीच खबर है कि यूक्रेन की राजधानी कीव के हवाई अड्डे को खाली करा लिया गया है। कीव के साथ-साथ खारकीव, लुहान्स्क और डोनेस्क में रह रहकर धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है। कीव समेत सारे एयरपोर्ट बंद है।

गौरतलब है कि कल ही यूक्रेन ने देश में मॉर्शल लॉ का ऐलान कर दिया था। यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर अमेरिका और नाटो देशों की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। अमेरिका ने कहा है कि वो नाटो देशों के साथ बात करके माकूल जवाब देगा। हमला ठीक उस वक्त हुआ जब न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक चल रही थी लेकिन अब इस बैठक का कोई मतलब नहीं रह गया है।
जिसका अंदेशा था। आखिरकार वही हुआ है। यूक्रेन में अभी सूरज भी नहीं निकल पाया था कि रूसी फौज ने अपने सबसे बड़े पड़ोसी देश पर गोले बरसाने शुरू कर दिया है। दोनेत्स्क की ये तस्वीर देखिये। धमाके का बाद उठती आग की लपटें साफ नजर आ रही हैं। यूक्रेन के शहर मारिउपुल में भी धमाके की खतरनाक आवाजें रात के सन्नाटे की चीरती रही।

धमाके बाद उठती हुई लाल रोशनी भयावह मंजर को बयान कर रही थी। लुहांस्क की तबाही भी देख लीजिए। रूसी गोले से यहां बने घरों को भारी क्षति पहुंची है। खारकीव की तरह राजधानी कीव में धमाके की आवाजें सुनी गई। रूस ने खारकीव, कीव, लुहांस्क, मारिउपुरल और दोनेत्स्क में जबरदस्त बमबारी शुरू कर दी है।
रूस के मुताबिक, उसके निशाने पर यूक्रेन का कोई नागरिक नहीं बल्कि सिर्फ यूक्रेन का सैन्य ठिकाना है। खबरों के मुताबिक, रूसी सैनिक क्रीमिया के रास्ते यूक्रेन में घुस रहे हैं। बॉर्डर पर दो लाख से ज्यादा रूसी सिपाही तैनात हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की यूक्रेन में पहले ही इमरजेंसी का एलान कर चुके थे।
यूक्रेन ने हमले के बाद मार्शल लॉ का भी ऐलान कर दिया गया। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने देशवासियों से घर में रहने की अपील की है। यूक्रेन पर हमले से पहले रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने टेलीविजन पर विशेष संबोधन में यूक्रेन के खिलाफ जंग का ऐलान कर दिया। पुतिन ने कहा कि यूक्रेन की सेना हथियार डाले और वापस जाए।
हालांकि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने साफ किय़ा कि उनका इरादा ना तो यूक्रेन पर कब्जे का है और ना ही वो किसी पर कुछ थोपना चाहते हैं। उन्होंने यूक्रेनी सेना से अपील की कि वो हथिय़ार डालकर वापस लौट जाएं। साफ है कि पुतिन झुकने के मूड में कतई नहीं हैं। पुतिन को जो करना था वो कर चुके। सवाल उठता है कि अब क्या?

क्या अमेरिका भी इस जंग में कूदेगा? अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपने लिखित बयान में कहा है, ‘राष्ट्रपति पुतिन ने पूर्वनियोजित युद्ध का रास्ता चुना है। इससे बड़े पैमाने पर जनहानि हो सकती है। इस हमले से जो मौत और विनाश होगा उसके लिए सिर्फ रूस जिम्मेदार होगा। दुनिया रूस को कसूरवार ठहराएगी।’
