पड़ोस: भारत-पाक तनाव चरम पर, पाक मंत्री का दावा,अगले 36 घंटों में भारत कर सकता है हमला

पड़ोस: भारत-पाक तनाव चरम पर, पाक मंत्री का दावा,अगले 36 घंटों में भारत कर सकता है हमला
Spread the love

इस्लामाबाद। भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर सैन्य तनाव चरम पर है। पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार ने आधी रात के बाद एक बयान में दावा किया है कि भारत अगले 24 से 36 घंटों में पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि यह हमला जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया चरमपंथी हमले को लेकर किया जा सकता है, जिसका आरोप भारत ने पाकिस्तान पर लगाया है। तरार ने आज सुबह तीन बजे अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास विश्वसनीय खुफिया जानकारी है कि भारत एक मनगढ़ंत और निराधार आरोप के तहत सैन्य कार्रवाई की योजना बना रहा है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान खुद आतंकवाद का शिकार रहा है और हर रूप में उसकी आलोचना करता रहा है। साथ ही चेताया कि अगर भारत ने हमला किया तो पाकिस्तान निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार है।
इससे पहले पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने भी एक इंटरव्यू में इसी आशंका को दोहराया था। उन्होंने कहा कि भारत किसी भी समय हमला कर सकता है।
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक आत्मघाती हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। भारत की खुफिया एजेंसियों का मानना है कि इस हमले में पाकिस्तानी चरमपंथियों की भूमिका हो सकती है। इसके बाद से भारत-पाक के बीच कूटनीतिक और सैन्य तनाव तेजी से बढ़ा है।
अब तक भारत सरकार की ओर से इस विशेष बयान पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, भारतीय सुरक्षा बलों को उच्च सतर्कता पर रखा गया है और सीमावर्ती इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।
पाकिस्तान की चेतावनी और भारत के संभावित रुख के बीच दक्षिण एशिया एक बार फिर सैन्य टकराव के मुहाने पर खड़ा दिख रहा है। यदि तनाव और गहराया, तो इसका असर न केवल दोनों देशों बल्कि पूरे क्षेत्र की शांति पर पड़ सकता है।

Parvatanchal