दुस्साहस: युवती से मोबाइल झपटकर फरार हो गए बदमाश, आरोपी पुलिस की पहुंच से अब भी बाहर
देहरादून। आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसे जाने के पुलिस के लाख दावों के बावजूद प्रदेश की राजधानी देहरादून में लूट और टप्पेबाजी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। इसी कड़ी में बीते रोज राजपुर रोड से लगे सालावाला क्षेत्र में एक छात्रा का मोबाइल झपटकर दो स्कूटी सवार फरार हो गए। पुलिस आरोपियों को पकड़ने में अभी तक कामयाब नहीं हो पायी है।
घटनाक्रम के अनुसार बीते रोज शाम करीब साढे पांच बजे मयूर ऑटो से सालावाले जाने वाले मार्ग स्थित एयर होस्टेज एकडमी की दो छात्राएं सड़क किनारे खड़़ी होकर मोबाइल पर बात कर रही थी। तभी अचानक से राजपुर रोड की ओर से सालावाला जाने वाले मार्ग पर दो स्कूटी सवार युवकों ने छात्रा के हाथ से मोबाइल झपटा और फरार हो गए।

स्कूटी पर सवार युवकों की तस्वीर पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से फोटो हासिल कर लिए हैं और उनकी तलाश में लग गयी है। लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस ने शिकंजे से बाहर खुले घूम रहे हैं। यही नहीं, रात के समय दस बजे तक दिलाराम चौक से लेकर सालावाला पुल तक का रास्ता सुनसान होने लगता है। इस मार्ग पर सड़क किनारे कोई घर या दुकान न होने के चलते पैदल चलने वाले लोगों के साथ लूट की आशंका सदैव बनी रहती है। इस तरह की घटनाएं पहले भी संज्ञान में आ चुकी हैं।

