शर्मनाक: नाबालिग लड़की से सामुहिक दुष्कर्म,पुलिस ने आरोपियों को भेजा सलाखों के पीछे
ऋषिकेश। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुरी में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक नाबालिग आरोपी को कोर्ट के आदेश पर बाल सुधार गृह भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
मुनिकीरेती थाना पुलिस के अनुसार, शिवपुरी निवासी एक नाबालिग संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने नाबालिग को तलाश करना शुरू किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नाबालिग को निर्माणाधीन बिल्डिंग साइट से सकुशल बरामद किया। इस दौरान दो श्रमिकों को भी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक नाबालिग श्रमिक को अपनी हिरासत में लिया। दो आरोपियों की पहचान सावेज और साकिर, निवासी गंगनहर रुड़की हरिद्वार के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग है। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार ग्रह भेजा है।
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कप्तान टिहरी आयुष अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने मामले में पीड़िता का मेडिकल करा लिया है। अभी मेडिकल रिपोर्ट आनी बाकी है। पीड़िता के बयान भी कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस ने मामले में अग्रिम जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।

