ब्रेकिंग न्यूज: सड़क के नीचे घर की गैलरी में जा गिरी बेकाबू कार, चार लोग घायल, कई वाहन क्षतिग्रस्त
पौड़ी। बुधवार की सुबह पौड़ी-कोटद्वार रोड पर बुआखाल के समीप एक कार दुर्घटना का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार 4 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पौड़ी लाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोटद्वार से पौड़ी की तरफ आ रही एक कार बुआखाल के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे स्थित घर की गैलरी में जा गिरी, जिससे वहां खड़े वाहन भी कार की चपेट में आ गए। इस हादसे की वजह से अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, इस हादसे में कार सवार 4 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार और कार गिरने की आवाज सुनकर आसपास घरों में मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का रेस्क्यू करना शुरू किया। साथ ही पुलिस को भी हादसे की सूचना दी। किसी तरह से उन्होंने कार सवारों को बाहर निकाला और उन्हें सड़क तक लाये। फिर वहां से घायलों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया। फिलहाल, सभी घायलों का जिला अस्पताल पौड़ी में उपचार चल रहा है। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां नीचे कोई मौजूद नहीं था, जहां कार गिरी।

