चुनावी रण: कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में हरदा ने कुमाऊं में किया धुंआधार प्रचार

चुनावी रण: कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में हरदा ने कुमाऊं में किया धुंआधार प्रचार
Spread the love

अल्मोड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत का चुनाव जीतने का जज्बा और जुनून उनके विरोधियों पर भारी पड़ता दिख रहा है। स्वयं लालकुआं विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता रावत चुनावी प्रचार के मामले में सिर्फ लालकुआं तक ही सीमित नहीं हैं बल्कि कुमाऊं की अन्य सीटों पर खड़े पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में जोरदार प्रचार अभियान चला रहे हैं।
इसी कड़ी में ‘हरदा’ ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिये रानीखेत के सिरमोली, द्वाराहाट के चौखुटिया, सोमेश्वर के रामलीला मैदान व अल्मोड़ा के बाड़ेछीना में ताबड़तोड़ जनसभाएं करते हुए लंबी पदयात्रा की।


पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने रविवार को विधानसभा रानीखेत के सिरमोली में कांग्रेस प्रत्याशी करन माहरा के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के चौखटिया में कांग्रेस प्रत्याशी मदन सिंह बिष्ट के समर्थन में पद यात्रा तथा सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र बाराकोटी के समर्थन में रामलीला मैदान में जनसभा की। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा अल्मोड़ा के बाड़ेछीना में कांग्रेस प्रत्याशी मनोज तिवारी के समर्थन में जनसभा की।

इस दौरान उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि पिछली बार कांग्रेस की सरकार बनने पर 3 वर्षों के अंदर समाज कल्याण की पेंशनों को 1 लाख 15 हजार से बढ़ाकर 7 लाख, 25 हजार से ऊपर पहुंचाया गया और राशि को बढ़ाकर ₹1000 और ₹1250 किया गया जिसे बढ़ाकर अब 1800 तक करेंगे। इसके अलावा 18 प्रकार की पेंशनें प्रारंभ कीं गईं। हरदा ने कहा कि अब कांग्रेस का वादा है कि इस संख्या को 21 पेंशनों के साथ 10 लाख तक पहुंचाएंगे। पार्टी ने इसमें 3 नई पेंशनें प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। पहली कुड़ी-बाड़ी पेंशन योजना है। ये 40 वर्ष से ऊपर के उन लोगों को जो दूर-दराज के गाँवों को आबाद किये हुये हैं, उनको मिलेगी। दूसरी पेंशन योजना उन श्रमिकों के लिये है जो पुल, सड़क और दूसरे निर्माण कामों में लगे हुए हैं और तीसरी पेंशन योजना हमारे मंगल गीत गाने वाली बहनों के लिए है। मांगलिक गीतों के समूहों से जो महिलाएं संबद्ध हैं हम उन सबको पेंशन योजना के अंतर्गत लाएंगे। स्कूल की ड्रेस व अन्य उत्पाद बनाने की ट्रेनिंग दे कर 28 नए तरह के कार्यों में रोज़गार देकर स्वरोज़गार में लोगों को लगाएँगे और स्थानीय कृषि उत्पाद में बोनस देकर गाँवों को सड़क से जोड़ पलायन को रोकने का काम करेंगे ।

स्वर कोकिला लता मंगेशकर को दी श्रद्धांजलि

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सिरमोली रानीखेत में आयोजित सभा में 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी और कैलाश पंत के पिताजी के निधन पर उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन रखा। इस दौरान सिरमोली क्षेत्र के कांग्रेसजन व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Parvatanchal