कामयाबी: पुलिस ने को-ऑपरेटिव बैंक में 12.31 लाख रुपए के गबन का आरोपी दबोचा
ऋषिकेश। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक में खाताधारकों से जमा के लिए ली गई लाखों रुपये की रकम बैंक में जमा न कराने के मामले में दून पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर कुल 12 लाख 31 हजार 458 रुपये के गबन का आरोप है।
मामला उत्तराखंड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, लक्ष्मणझूला रोड, ऋषिकेश से जुड़ा है। बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक एसएस राणा ने 24 मई 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर शिकायत की थी कि बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्य करने वाले दीपक बढ़ई ने विभिन्न तिथियों में खाताधारकों से बैंक में जमा करने के लिए रकम ली, लेकिन आरोप है कि उक्त धनराशि बैंक में जमा नहीं की गई।
शिकायत के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मु.अ.सं. 212/2026 धारा 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने नामजद आरोपी की गिरफ्तारी और त्वरित साक्ष्य संकलन के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, उम्र 29 वर्ष, निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश को 9 सितंबर 2026 को उदिया बाग, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में अब जांच के दौरान कथित तौर पर बैंक में जमा नहीं की गई रकम, संबंधित खाताधारकों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जाएगी।

