दहशत: हाथियों की आवाजाही अधिक होने से लोगों में पसरा खौफ़, मार्निंग वॉक करना पड़ गया बंद
हरिद्वार। मिस्सरपुर, शिव बिहार कालोनी, जगजीतपुर, पंजनहेड़ी, जयपोता, अजीतपुर, बिशनपुर, कुंडी, रानीमाजरा, गाडोवाली, चांदपुर, कटारपुर में हाथी हररोज उत्पात मचा रहे हैं। जगजीतपुर में गुरुवार रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के डर से लोगों ने मॉर्निंग वॉक पर जाना छोड़ दिया है। इलाके में हाथियों के झुंड पिछले एक माह से फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हाथियों के झुंड आबादी का रुख भी कर रहे हैं। इससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण राजेश सैनी, राकेश सैनी, पंकज चौहान, सुरजीत सिंह, दीपक, मनोज चौहान, सोभित, सुशील, सुनील, रामकुमार, नूतन कुमार, बिरजेस, मुनेश, तेलूराम ने बताया हाथियों के झुंड मिस्सरपुर और जगजीतपुर की आबादी में प्रतिदिन आते हैं।
आबादी क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही नहीं रुक पा रही है। हर रोज जंगली हाथी आबादी क्षेत्र में आ जा रहे हैं। इससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय परिसर के भगवतीपुरम कॉलोनी के सामने गुरुवार रात गेहूं के खेत में एक जंगली हाथी घुस गया। आबादी क्षेत्र में हाथी को देख रास्ते पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। आबादी क्षेत्र में जंगली हाथी आने की सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।

