आफ़त: वन्य जीवों के आतंक से परेशान हैं ग्रामीण, तहसील प्रशासन से बचाने की गुहार
ऋषिकेश। राजाजी नेशनल पार्क से सटे गांव में वन्य जीवों के आतंक से किसान परेशान हैं। किसानों की समस्या को लेकर सीनियर सिटीजन संगठन ने एसडीएम से गुहार लगाई। संगठन ने वन्य जीवों से किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलवाने व सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की। मंगलवार को सीनियर सिटीजन संगठन ने तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संगठन सदस्यों ने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्र, जो राजाजी नेशनल पार्क से से सटे हैं। ऐसे क्षेत्रों में जंगली जानवरों की आमद लगातार बनी हुई है। जिससे ग्रामीणों के खेतों में आए दिन जंगली हाथी व अन्य वन्य जीव घुस आते हैं और फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। कई बार ग्रामीणों के घरों व अन्य जान माल को भी क्षति पहुंचाते हैं। जिससे पार्क से सटे गांवों में किसान व अन्य ग्रामीण परेशान हैं। इन दिनों अधिकांश जगहों पर गेहूं की फसल लगी हुई है, जिसे हाथियों के झुंड द्वारा नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कई बार वन विभाग के अधिकारियों को लिखित व मौखिक शिकायत की गई, लेकिन वन विभाग इस ओर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। उन्होंने किसानों को मुआवजा देने ओर वन्य जीवों की आमद को ग्रामीणों के खेतों तक पहुंचने से रोकने के लिए कार्य करवाने की मांग की। मौके पर गिरीश व्यास, शीशपाल सिंह रावत, किशन सिंह रांगड़, हरीश उप्रेती, नत्थी लाल , उमा राम चमोली, धनपाल सिंह रांगड़, सिताब सिंह पयाल आदि उपस्थित रहे।

