अमानवीय: गाज़ा में इजरायली हमले में अब तक मरने वाले फिलिस्तियों की संख्या 26,637
गाज़ा । गाज़ा में हमास द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि सात अक्टूबर, 2023 के बाद से एन्क्लेव पर इज़रायली हमलों में मरने वाले फिलिस्तीनियों की संख्या 26,637 हो गयी है। मंत्रालय ने मीडिया में दिए बयान में कहा कि इज़रायली बलों ने पिछले 24 घंटों में 215 फिलिस्तीनियों को मार डाला और 300 से अधिक घायल हुए हैं। संघर्ष की शुरुआत के बाद से घायल फिलिस्तीनियों की कुल संख्या कम से कम 65,387 है।
मंत्रालय ने कहा कि कई पीड़ित अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं, लेकिन एम्बुलेंस और नागरिक सुरक्षा दल उन तक नहीं पहुंच सकते। इस बीच, फिलिस्तीनी प्राधिकरण द्वारा संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कब्जे वाले वेस्ट बैंक में सोमवार को इज़रायली गोलीबारी में कम से कम पांच फिलिस्तीनियों की मौत हो गई।
इसमें कहा गया है कि दक्षिणी वेस्ट बैंक में हेब्रोन शहर के पास ड्यूरा गांव में इज़रायली सैनिकों ने दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। यहां पर इज़रायली बलों ने धावा बोला और फिलिस्तीनियों के साथ उनकी झड़पें हुयीं।
मंत्रालय ने कहा कि मध्य वेस्ट बैंक में रामल्लाह के पास सिलवाड शहर में इसी तरह के हमले के दौरान इज़रायली सैनिकों की गोलीबारी से घायल एक अन्य युवक की मौत हो गई। मंत्रालय की ओर से इजऱायली सैनिकों के साथ टकराव के दौरान बेथलहम और जेनिन के दो और फि़लिस्तीनियों की हत्या की भी सूचना दी गयी।
उल्लेखनीय है कि हमास द्वारा दक्षिणी इजऱाइली शहरों पर अचानक हमला करने के बाद इजऱायल ने सात अक्टूबर, 2023 को गाजा के खिलाफ एक बड़ा सैन्य अभियान शुरू किया। हमास के लड़ाकों ने इजरायल में घुसकर लगभग 1,200 लोगों को मार डाला था।

उधर, लेबनान में इजरायली हमले में दो लोगों की मौत और 2 लोगों के घायल होने की खबर है।
सूत्रों के अनुसार, लेबनान की दक्षिणी सीमाओं पर इज़रायल की ओर से किए गए हमले में गत दिवस हिजबुल्लाह के दो सदस्य मारे गए और दो नागरिक घायल हो गए।
लेबनान के सैन्य सूत्रों ने यह जानकारी दी। नाम न छापने की शर्त पर सूत्रों ने बताया कि इज़रायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के आठ कस्बों और गांवों पर 14 हवाई हमले किए और तीन घरों को नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के 15 कस्बों और गांवों पर इज़रायल की ओर से लगभग 100 गोले भी दागे गए, जिससे आठ मकान नष्ट हो गए और 25 अन्य को नुकसान पहुंचा।
इस बीच, लेबनानी सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने अल-समाका, अल-मोटेला और ज़ारिट बैरक सहित कई इज़रायली ठिकानों पर हमला किया। उल्लेखनीय है कि हिजबुल्लाह द्वारा इज़रायल पर हमास के हमलों का समर्थन करने के बाद गत आठ अक्टूबर से लेबनानी-इजरायल सीमा पर तनाव बढ़ गया है।
लेबनानी सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, हिजबुल्लाह और इजऱायल के बीच टकराव में लेबनानी पक्ष के 239 लोग मारे गए हैं, जिनमें 173 हिजबुल्लाह सदस्य और 39 नागरिक शामिल हैं।

