दहशत: मासूम को घर के आंगन से उठा ले गया तेंदुआ,जंगल से बरामद हुआ शव
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र के सिंगली गांव में बीती देर रात तेंदुआ चार साल के बच्चे को आंगन से उठा ले गया। बच्चे को तेंदुए के ले जाने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद बच्चे का शव तड़के जंगल से बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात थाना राजपुर क्षेत्र अंतर्गत अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी से थोड़ा आगे सिंगली गांव में आयांश पुत्र अरुण सिंह, निवासी ग्राम सिंगली घर के आंगन में था। तभी वहां अचानक तेंदुआ आया और बच्चे पर झपट्टा मार कर उसे उठा ले गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने तत्काल सभी थाना प्रभारी, सीओ को बुला कर एसपी क्राइम के नेतृत्व में कांबिंग शुरू कराई। रातभर कांबिंग के बाद बच्चे का शव तड़के जंगल से बरामद हुआ। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत बनी हुई है।

