दहशत: पहाड़ों में हो रही भारी बारिश से गंगा उफान पर, त्रिवेणी घाट समेत कई घाट जलमग्न
ऋषिकेश बायपास मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात अवरुद्ध
ऋषिकेश। मूसलाधार बारिश से गंगा और उसकी सहायक नदियां उफान पर हैं। गंगा का जलस्तर बढ़ने से लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, मुनि की रेती और तपोवन क्षेत्र में गंगा घाट और तट जलमग्न रहे। त्रिवेणी घाट में आरती स्थल जलमग्न रहा। गंगा घाट और तटों पर जल पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मुस्तैद है। गंगा का जलस्तर बढ़ने से गंगा चेतावनी रेखा 339.50 से मात्र 30 सेमी नीचे 339.20 मीटर बह रही है।
गंगा के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन की ओर से अलर्ट किया गया है। तपोवन से लेकर रायवाला तक गंगा के तटीय इलाकों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए हैं। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे गंगा का जलस्तर 339.32 मीटर, शाम चार बजे 339.25 मीटर और शाम सात बजे 339.20 मीटर दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी गंगा के जलस्तर में वृद्धि बनी रही।
उधर , शुक्रवार सुबह श्यामपुर-ऋषिकेश बायपास मार्ग पर पुलिस चौकी के पास विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। जिससे यह मार्ग अवरुद्ध हो गया। वन विभाग की टीम जब मौके पर नहीं पहुंची तो एसडीआरएफ की टीम को पेड़ को हटाने के लिए बुलाया गया। शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे पुलिस चौकी के समीप बायपास मार्ग पर एक बड़ा पेड़ अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। गनीमत यह रही कि उसे वक्त यहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। रास्ता बंद होने पर यातायात पुलिस की ओर से ट्रैफिक को मुख्य मार्ग पर डायवर्ट किया गया। यातायात निरीक्षक रविकांत ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम पेड़ को हटाने के लिए देर तक जुटी रही। पेड़ हटाने के बाद यातायात सुचारू किया गया।

