शातिर: पहले शराब की दुकान में घुसकर उड़ाई दारू-मुर्गे की दावत, फिर लाखों की नगदी व बीयर लेकर हो गये चंपत
नैनीताल। हल्द्वानी क्षेत्रांर्तगत ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में शराब की दुकान में लाखों की नगदी व शराब चोरी का मामला सामने आया है। यहां चोरों ने दुकान में घुसकर सिर्फ चोरी की वारदात को ही अंजाम नही दिया। बल्कि चोरों ने चोरी से पहले यहां शराब व मुर्गे की दावत का भी लुत्फ उठाया। उसके बाद वह सीसी टीवी की डीवीआर लेकर फरार हो गये। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अब चोरों की तलाश में जुट गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार कुसुमखेड़ा निवासी शराब कारोबारी की रामपुर रोड किनारे एसटीएच के पास देसी और बीयर का ठेका है, जिसमें कैंटीन भी है। बताया जा रहा है कि रात 11 बजे कर्मचारी ठेका बंद कर अपने घर चले गए और रात की बिक्री का पैसा दुकान के गल्ले में छोड़ गए।
रात तकरीबन 12 बजे चोर शराब ठेके के पीछे पहुंचे। चोरों ने पहले गैलरी से लगी कैंटीन की दीवार तोड़ी और कैंटीन में दाखिल हुए। दुकान में पहुंच कर चोरों ने गल्ले से करीब 2 लाख 55 हजार रुपये की नगदी उड़ा ली। उसके बाद उन्होंने कैंटीन से चिकन निकाला और फिर बीयर पार्टी की। जाने से पहले चोर अपने साथ बीयर की करीब 7 पेटियां और सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए। अगली सुबह जब कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दुकान और कैंटीन की दीवारें तीन स्थानों से टूटी पड़ी थी। अंदर चोरों द्वारा पी गई बीयर की खाली बोतलें और चिकन के जूठे बर्तन पड़े थे। इस पर उन्होंने मामले की जानकारी शराब कारोबारी व पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

