दुखद: जंगली हाथी की जान पर भारी पड़ी पेट की भूख, करंट लगने से हो गई दर्दनाक मौत
हल्द्वानी। भोजन की चाहत में इंसानी बस्तियों का रुख करना जंगली जानवरों, खासतौर पर हाथियों की जिंदगी पर भारी पड़ता जा रहा है। ऐसी ही कोशिश ने एक हाथी की जान
ले ली। निकटवर्ती क्षेत्र मोटाहल्दू के ग्राम सूफ़ी भगवानपुर में किसान के खेत में करंट लगने से हाथी की मौत हो गई। ग्राम प्रधान रमेश चंद्र ने बताया कि घटनास्थल से गुजरने वाली बिजली विभाग की 11000 वोल्टेज की लाइन झूल रही थी। जिससे खेत में घुसने की कोशिश के दौरान करंट लगने से एक हाथी की मौत हो गई। इन दिनों रात के समय भोजन की तलाश में हाथी गांव की तरफ रुख करते हैं। माना जा रहा है कि मोटाहल्दू के सुफीभगवानपुर में किसान के गन्ने के खेत में जब हाथी भोजन हेतु जा रहा होगा तो वहां 11000 वोल्ट की झूल रही विद्युत लाइन से उसे करंट लगने के कारण उसकी देर रात्रि मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि करंट इतना तेज था कि हाथी की सूंड का वह हिस्सा हाथी के शरीर से अलग हो गया जहां पर उसे करंट लगा था। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची वन विभाग और विद्युत विभाग की टीम ने आवश्यक कार्रवाई की है।

