दहशत: चलती बाइक से युवक को उठा ले गया बाघ, युवक का अब तक नहीं चला पता
रामनगर। उत्तराखंड में इंसानों पर जंगली जानवरों के लगातार बढ़ रहे हमलों के चलते आम लोगों में दहशत का माहौल है। हालात यहां तक खतरनाक होते जा रहे हैं कि अब जंगल से बाहर इंसानी बसासत में भी वन्य जीवों, खासतौर से बाघ और तेंदुए जैसे खूंखार जानवरों की धमक बढ़ने लगी है। ऐसी ही एक खौफनाक घटना शनिवार को यहां के कार्बेट इलाके में तब सामने आई, जब चलती बाइक की पिछली सीट पर बैठे युवक को बाघ ने झपट्टा मार कर अपने मुंह में दबोच लिया और उसे झाड़ियों में घसीटकर चंपत हो गया। बाइक चला रहे युवक ने वहां से किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई।उस के बाद से सर्च ऑपरेशन जारी है। वन विभाग और कॉर्बेट प्रशासन की टीम युवक को ढूंढने में जुटी हुई हैं।
जानकारी के मुताबिक, अफजल और अनस अल्मोड़ा घूमने के बाद रामनगर की ओर वापस लौट रहे थे। जब वे रामनगर के मोहान से थोड़ा आगे पहुंचे ही थे कि बाइक पर पीछे बैठे अफजल पर बाघ ने हमला कर दिया। अनस शोर मचाता रह गया, लेकिन बाघ युवक को खींचता हुआ जंगल की तरफ ले भागा। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने रात तक लापता युवक की खोज की लेकिन अंधेरा होने की वजह से उसका पता नहीं चल पाया। खोजबीन का काम आज भी जारी रखा गया।
पुलिस के अनुसार, अमरोहा (यूपी) की तहसील हसनपुर गांव जिहल निवासी 25 वर्षीय अफसारुल उर्फ भूरा पुत्र बाबू अपने साथी मो. अनस पुत्र शकील अहमद के साथ उत्तराखंड घूमने निकला था। शनिवार देर शाम को दोनों युवक अल्मोड़ा से वाया रामनगर होते हुए अमरोहा को लौट रहे थे। बाइक अनस चला रहा था। रात सवा आठ बजे वे रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत कोसी रेंज के मोहान क्षेत्र में पहुंचे। इस बीच घात लगाए बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले से बाइक अनियंत्रित हुई तो दोनों सड़क पर गिर गए। बाघ पीछे गिरे अफसारुल को खींचकर जंगल को ले गया।
घटना से भौचक बाइक चला रहा अनस बुरी तरह घबरा गया था लेकिन किसी तरह
हिम्मत जुटाकर वह बाइक से मोहान चौकी पहुंचा। उसके बाद सीटीआर का स्टाफ व रामनगर कोतवाल अरुण सैनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल लापता अफसारुल की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। वन बीट अधिकारी वीरेंद्र ने बताया कि मौके से खून के निशान मिले हैं। बाघ युवक को कोसी नदी की ओर ले गया होगा। खोजबीन की जा रही है। घटना के बाद हाईवे पर बाइक सवारों को सावधान किया जा रहा है। हाईवे पर गश्त शुरू हो गई है।
