सबक : चार वर्षीय मासूम से छेड़छाड़ करने के मामले में दोषी पड़ोसी को पांच साल कैद की सज़ा
देहरादून(आरएनएस)। पोक्सो कोर्ट की जज मंजु सिंह मुंडे की अदालत ने चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने वाले 55 वर्षीय पड़ोसी को दोषी करार देते हुए पांच साल कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता किशोर कुमार ने बताया कि घटना क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र में 16 मार्च 2024 की शाम करीब 6:30 बजे हुई। मासूम अपनी छत पर कुत्ते के साथ खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोसी प्रदीप शर्मा मासूम को अपनी छत पर ले गया। आरोपी ने बच्ची के कपड़े उतारे और छेड़छाड़ करते हुए बैड टच किया।बच्ची ने अपनी दादी को आवाज लगाते हुए बचने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे धमकी दी कि किसी को बताया तो वह उसे कुत्तों वाली कोठरी में बंद कर देगा। डरी सहमी बच्ची नीचे आई और दादी को पूरी आपबीती बताई। अगले दिन बच्ची के माता-पिता थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया। पुलिस ने जांच के बाद कोर्ट में चार्जशीट फाइल की। अभियोजन ने पीड़िता, उसके माता-पिता और दादी सहित कुल आठ गवाहों को अदालत में पेश किया। बचाव पक्ष की ओर से आपसी झगड़े और रंजिश का तर्क दिया गया। अदालत ने मौखिक और दस्तावेजी साक्ष्यों को पुख्ता मानते हुए आरोपी की दलीलों को खारिज कर दिया। इसके बाद सजा सुनाते हुए आरोपी को वारंट बनाकर जेल भेज दिया गया है।

