शिकंजा: 84.70 लाख रुपए की साइबर ठगी में महाराष्ट्र से एक गिरफ्तार, आरोपी पर देहरादून में दर्ज हैं दो मुकदमे

शिकंजा: 84.70 लाख रुपए की साइबर ठगी में महाराष्ट्र से एक गिरफ्तार, आरोपी पर देहरादून में दर्ज हैं दो मुकदमे
Spread the love

 

देहरादून। उत्तराखंड में साइबर अपराधियों के खिलाफ एसटीएफ ने एक और कार्रवाई करते हुए 84 लाख 70 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में वांछित आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यासीन युसूफ मनेर (45) निवासी मिरज, जिला सांगली, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दो मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ के मुताबिक, साइबर धोखाधड़ी के एक मामले की विवेचना के दौरान यासीन युसूफ मनेर की भूमिका सामने आई थी। जांच में पता चला कि सितंबर 2024 में शिकायतकर्ता ने आरोपी से जुड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते में 29 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे। यह खाता साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए इस्तेमाल किए गए खातों की पहली लेयर में शामिल था।

जांच आगे बढ़ने पर आरोपी का नाम साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में पूर्व में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी सामने आया। इस मामले में पुलिस की ओर से उसे कई बार नोटिस भेजकर विवेचना में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नोटिस मिलने के बावजूद आरोपी पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुआ।
इसके बाद उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर टीम ने आरोपी की तलाश में महाराष्ट्र के सांगली जिले में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि साइबर अपराध से जुड़े मामलों में आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। दूसरे राज्यों में छिपे आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक विजय भारती, उपनिरीक्षक रमन बिष्ट और अपर उपनिरीक्षक गोपाल बिष्ट शामिल रहे।

Parvatanchal