ब्रेकिंग न्यूज: बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टर लापता

ब्रेकिंग न्यूज: बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टर लापता
Spread the love

चमोली। उत्तराखंड में शुक्रवार को एक बड़ी दुर्घटना की ख़बर सामने आई है। ख़बर प्रदेश के चमोली जिले से आ रही है। बर्फबारी के बीच बदरीनाथ धाम से उड़ान भरने वाला एक हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसे के बाद पूरे जिले के पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

 जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने आज दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। उस समय धाम में भारी बर्फबारी हो रही थी। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद जोशीमठ के हाथी पर्वत इलाके में उसका संपर्क टूट गया। थोड़ी ही देर बाद पता चला कि हेलीकॉप्टर जोशीमठ के चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास क्रैश हो गया है।

 

इस हादसे की सबसे पहले सूचना भारतीय सेना ने दी। सेना ने सीधे डीएम चमोली को जानकारी दी कि हाथी पर्वत के पास एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। इसके तुरंत बाद प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

अपर जिलाधिकारी चमोली विवेक प्रकाश ने बताया कि एसडीएम जोशीमठ को दोपहर 2 बजकर 21 मिनट पर चाई गांव के ऊपर हेली की क्रैश लैंडिंग की सूचना मिली थी। यूकाडा कर्मचारियों ने बताया कि यह ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर था जो बदरीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा था। इसमें 5 यात्री और 1 पायलट सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर की टीम दोपहर 2 बजकर 24 मिनट पर ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गई और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि चाई गांव जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सीएम खुद पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं और उन्होंने गंभीर घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यात्रियों के सकुशल होने की कामना भी की है।

हेलीकॉप्टर में सवार लोगों में प्रताप, अरूण, शंकर, सुधीर और एमएस नागाराजा सहित एक पायलट शामिल हैं।

गौरतलब है कि चार धाम यात्रा अपने अंतिम चरम पर है, मौसम विभाग ने भी मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। बावजूद इसके चारों धाम के लिए धड़ल्ले से हेलीकॉप्टर खराब मौसम में भी उड़ान भर रहे हैं। हेली कंपनियों की मनमर्जी के चलते इस प्रकार के हादसों का अनुमान पहले ही लगाया जा रहा था। जिला प्रशासन तक इन बेलगाम उड़न खटोलों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। इस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

 

Parvatanchal