कामयाबी: गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो इनामी गिरफ्तार, लंबे समय से थे फरार
पौड़ी। जनपद में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पौड़ी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहे दो इनामी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 1,500-1,500 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने एक अभियुक्त को थलीसैंण से और दूसरे को अल्मोड़ा जनपद से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में संगठित अपराध और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज की गई है। इसी अभियान के तहत कोतवाली लैंसडाउन में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 2/3 के अंतर्गत मुकदमा संख्या 20/2026 दर्ज किया गया था। इस मामले में गैंग लीडर लवकुमार और उसके सात अन्य साथियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था।
मामले की विवेचना रिखणीखाल के प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद अकरम कर रहे हैं। अभियोग में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी पौड़ी ने दोनों आरोपियों पर 1,500-1,500 रुपये का इनाम घोषित किया था। साथ ही उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और विवेचनाधिकारी के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लैंसडाउन विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने 22 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई करते हुए वांछित इनामी अभियुक्त जगत सिंह को थलीसैंण से गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरे अभियुक्त रामस्वरूप नौटियाल उर्फ रब्बू को अल्मोड़ा जनपद से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त जगत सिंह पुत्र स्वर्गीय गुंदर सिंह, ग्राम मंगरौ, पोस्ट तकुलसारी, थाना थलीसैंण, जनपद पौड़ी का निवासी है। दूसरा अभियुक्त रामस्वरूप नौटियाल उर्फ रब्बू पुत्र जगदीश चन्द्र नौटियाल, ग्राम सारसौं (सरायखेत), थाना सल्ट, जनपद अल्मोड़ा का निवासी है।
इस कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार, हेड कांस्टेबल पंकज कुमार और हेड कांस्टेबल संतोष कुमार शामिल रहे। पौड़ी पुलिस के अनुसार, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और संगठित अपराध के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

