हादसा: मसूरी रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर घायल
देहरादून। मसूरी रोड पर मालसी के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा 21 सितंबर की रात करीब 12:40 बजे हुआ था। मामले में घायल राहुल नाथ की मां कीर्ति सिंह नाथ ने राजपुर थाने में तहरीर देकर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शिकायत के अनुसार, राहुल नाथ अपने मित्र पंकज के साथ बाइक से मसूरी रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मालसी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ राजपुर पीडी भट्ट के मुताबिक, हादसे में शामिल कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

