गुहार: भालू के हमले में घायल गोविंद सिंह की हालत गंभीर, पत्नी ने मांगी हेली एंबुलेंस

गुहार: भालू के हमले में घायल गोविंद सिंह की हालत गंभीर, पत्नी ने मांगी हेली एंबुलेंस
Spread the love

पिथौरागढ़(आरएनएस)।  रसैपाटा क्षेत्र में जंगली भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल गोविंद सिंह के बेहतर उपचार के लिए उनकी पत्नी शांति ने प्रशासन से हेली एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने पति के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराने की भी गुहार लगाई है। शुक्रवार को शांति ने बताया कि बीते 22 नवंबर को उनके पति गोविंद सिंह खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान अचानक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के जोरदार धक्के से गोविंद सिंह नीचे स्थित खेत में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। शांति के मुताबिक, चिकित्सकों ने गोविंद सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की सलाह दी है। उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है और नसें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। पति की गंभीर हालत और परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शांति ने प्रशासन से तत्काल हेली एंबुलेंस की व्यवस्था करने और इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इधर, रेंजर सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि रसैपाटा क्षेत्र में भालू के हमले की सूचना वन विभाग को नहीं मिली है।

Parvatanchal