अफरा-तफरी: नैनीताल के डीएफओ कार्यालय में लगी आग, महत्वपूर्ण फाइलें जलकर राख

अफरा-तफरी: नैनीताल के डीएफओ कार्यालय में लगी आग, महत्वपूर्ण फाइलें जलकर राख
Spread the love

नैनीताल। नैनीताल चिड़ियाघर के ऊपर स्थित डीएफओ कार्यालय में गुरुवार तड़के आग लगने से वहां रखी महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज जलकर राख हो गए। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि डीएफओ आकाश गंगवार का कार्यालय आग की चपेट में आने से बच गया और कार्यालय को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात तेज हवाओं और बारिश के चलते कार्यालय बंद करते समय बिजली आपूर्ति नहीं थी। गुरुवार सुबह बिजली आने के बाद संभवतः शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कागज अथवा लकड़ी के सामान ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने कार्यालय में रखी फाइलों और दस्तावेजों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटनास्थल के समीप ही उप निदेशक प्राणी उद्यान और उप प्रभागीय वनाधिकारी का कार्यालय भी स्थित है। ऐसे में आग के फैलने का खतरा बना रहा। हालांकि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया।डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि जिस कार्यालय में आग लगी, वहां मुख्य रूप से अकाउंट, लैंड ट्रांसफर और स्टैब्लिशमेंट से संबंधित फाइलें रखी थीं। उन्होंने कहा कि कितना नुकसान हुआ है, इसकी पूरी जानकारी फाइलों की जांच के बाद ही सामने आएगी। उन्होंने बताया कि आग में क्षतिग्रस्त हुए दस्तावेजों में से संबंधित रिकॉर्ड नैनीताल और देहरादून स्थित वन विभाग के कार्यालयों में ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इससे महत्वपूर्ण अभिलेखों को दोबारा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

Parvatanchal