बड़ा एक्शन:अजय भटेजा हत्याकांड से जुड़े अमित भटेजा, शूटर राजन और जोया पर गैंगस्टर का मुकदमा
देहरादून(आरएनएस)। जाखन में हुए चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में शामिल आरोपियों पर राजपुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कर लिया है। संपत्ति के लालच में अपने ही सौतेले भाई की सुपारी देकर हत्या कराने वाले अमित भटेजा, यूपी के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी और उसकी प्रेमिका हुमैरा खान उर्फ जोया के खिलाफ मंगलवार को राजपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट केस दर्ज हुआ है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने हत्याकांड का खुलासा होने पर आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने की बात कही थी। उनके निर्देश पर राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट और उनकी टीम ने आरोपियों का अपराधिक इतिहास जुटाया। एसओ भट्ट ने बताया कि गिरोह का सरगना सहारनपुर निवासी शूटर राजन उर्फ जैकी है और मास्टरमाइंड अमित भटेजा और जोया सदस्य हैं।
यह शातिर गैंग उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में नशा तस्करी, हत्या, रंगदारी, बलवा और जानलेवा हमले जैसे जघन्य अपराधों को अंजाम देता रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गैंग लीडर जैकी और उसके साथियों के खिलाफ दोनों राज्यों में आधा दर्जन से अधिक गंभीर अपराधिक केस दर्ज हैं। केस दर्ज होते ही पुलिस ने आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर अवैध रूप से जुटाई गई गिरोह की संपत्तियों को चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही पुलिस की ओर से प्रशासन को रिपोर्ट भेजकर इन संपत्तियों की कुर्की और जब्तीकरण की कार्रवाई जाएगी। गैंगस्टर में जल्द पुलिस आरोपियों की न्यायिक रिमांड लेगी।

