शिकंजा: तस्करी के मामले में फरार आरोपी मुरादाबाद से गिरफ्तार, चेकिंग के दौरान बरामद हुआ था 90 किलो गांजा
लैंसडाउन। नशा तस्करी की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के अभियान के तहत पौड़ी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली लैंसडाउन में दर्ज 90 किलोग्राम गांजा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी को पुलिस ने मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कई महीनों से लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। मजबूत सूचना तंत्र और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंची और 28 सितंबर को उसे दबोच लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार ने जिले में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की बिक्री, आपूर्ति, परिवहन और वितरण से जुड़े लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कोतवाली लैंसडाउन में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 04/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 111(2)(ii), 111(3), 111(4) बीएनएस में वांछित चल रहे आत्मप्रकाश पुत्र सुरेश कुमार, निवासी कांठ, मुरादाबाद को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक 12 मार्च 2026 को कोतवाली लैंसडाउन पुलिस और सीआईयू टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग के दौरान दो वाहनों से कुल 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। मामले में नशे के सप्लायरों और मुख्य तस्करों समेत सात आरोपियों—लव कुमार, यशवंत, महिपाल, बिट्टू सैनी, राजेन्द्र सिंह, जगत सिंह और स्वरूप नौटियाल—को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
विवेचना के दौरान आत्मप्रकाश की संलिप्तता सामने आने के बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और छिपकर रह रहा था। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई और सूचना तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान आरोपी के मुरादाबाद में मौजूद होने की पुख्ता सूचना मिली। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 28 सितंबर को मुरादाबाद पहुंचकर आत्मप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

