शिकंजा: 11 ग्राम स्मैक के साथ अमजद उर्फ बिहारी गिरफ्तार, तलाशी में इलेक्ट्रॉनिक तराजू और नकदी बरामद
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 11 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन और 1100 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्मैक को छोटे-छोटे हिस्सों में तौलकर बेचता था।
पुलिस के मुताबिक, बीती रात दरोगा विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान आंबेडकर चौक के पास आदर्श इंटर कॉलेज के सामने एक युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास पारदर्शी पन्नी में भूरे रंग का पदार्थ बरामद हुआ।
पूछताछ में युवक ने पदार्थ को स्मैक बताया। नारकोटिक्स ड्रग किट से जांच करने पर पदार्थ प्रथम दृष्टया स्मैक पाया गया। पुलिस के अनुसार पन्नी समेत बरामद पदार्थ का वजन 11.63 ग्राम था, जबकि पन्नी हटाने के बाद स्मैक का वजन 11 ग्राम निकला।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पाऊधोई ज्वालापुर निवासी समून से स्मैक खरीदकर लाता था। इसमें से कुछ स्मैक वह खुद इस्तेमाल करता था, जबकि कुछ को आसपास के क्षेत्र में बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी एनडीपीएस के मामले में ज्वालापुर थाने से जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमजद उर्फ बिहारी पुत्र शौकत, निवासी स्कूल नंबर 13 के पास, मोहल्ला कस्साबान, कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने की है।

