मुहिम: नशे के खिलाफ छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, नशामुक्त समाज का दिया संदेश
नई टिहरी। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से नरेंद्र महिला विद्यालय इंटर कॉलेज, भागीरथीपुरम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एनएचएम डॉ. निधि रावत के निर्देशन में आयोजित रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर नशे के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग की सोशल वर्कर मधु डोभाल ने छात्राओं को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी आदत के रूप में होती है, लेकिन समय के साथ यह व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर समस्या बन सकती है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य आराधना कुकरेती के मार्गदर्शन में छात्राओं ने रैली के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। छात्राओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाकर ही स्वस्थ और मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है।
निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता भी हुई
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12-ए की गीता ने प्रथम, इसी कक्षा की अदिति ने द्वितीय और कक्षा 10 की अनसूया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में कक्षा 12 की अंजना प्रथम, कक्षा 9 की निहारिका द्वितीय और कक्षा 9 की सिमरन तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं ने चित्रों और अपने विचारों के जरिए नशे के दुष्परिणामों को सामने रखा तथा नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

