आक्रोश: कुंडाली मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान ध्वस्त हुईं गांव की सुविधाएं, परेशानियों से अब तक जूझ रहे हैं ग्रामीण

आक्रोश: कुंडाली मोटर मार्ग के निर्माण के दौरान ध्वस्त हुईं गांव की सुविधाएं, परेशानियों से अब तक जूझ रहे हैं ग्रामीण
Spread the love

 

नई टिहरी। टिहरी विधानसभा की सारज्यूला पट्टी के पिपली गांव के तहत नव निर्मित कुण्डाली मोटर मार्ग को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान गांव के आम रास्ते, पेयजल पाइपलाइन, सिंचाई की पक्की नहरें और तीन सिंचाई स्रोत क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इन सुविधाओं के प्रभावित होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल को पत्र भेजकर क्षतिग्रस्त सुविधाओं को तत्काल बहाल कराने की मांग की है। पत्र में मदन सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रवीन सिंह, मुकेश सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के कारण गांव के कई आम रास्ते पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं पेयजल की पाइपलाइन टूटने के साथ ही खेतों की सिंचाई के लिए बनाई गई पक्की नहरों और तीन सिंचाई स्रोतों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर पूर्व में भी संबंधित विभागों से लगातार पत्राचार किया गया, लेकिन अब तक आम सुविधाओं को सुचारू करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बरसात के दौरान गांव में जल निकासी की समस्या को भी गंभीर बताया। उनका कहना है कि आवासीय भवनों के ऊपर से आने वाले बरसाती नाले की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी खेतों से होते हुए सीधे भवनों की ओर पहुंच रहा है। इससे मकानों और खेतों को नुकसान का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने तथा आम रास्तों, पेयजल पाइपलाइन, सिंचाई नहरों और सिंचाई स्रोतों को जल्द बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों का विरोध नहीं है, लेकिन सड़क निर्माण से प्रभावित हुई मूलभूत सुविधाओं की बहाली भी संबंधित विभाग की जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Parvatanchal