आक्रोश: शहर के मोहल्लों में जलभराव होने से बढ़ीं लोगों की मुश्किलें,  मेयर कार्यालय के बाहर धरना देकर जताई नाराज़गी 

आक्रोश: शहर के मोहल्लों में जलभराव होने से बढ़ीं लोगों की मुश्किलें,  मेयर कार्यालय के बाहर धरना देकर जताई नाराज़गी 
Spread the love

 

रुड़की। नगर निगम क्षेत्र के कृष्णानगर स्थित गली नंबर 20 में लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में गलीवासियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर मेयर अनीता अग्रवाल के कार्यालय के बाहर धरना दिया और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग उठाई।
धरने पर बैठे स्थानीय लोगों ने बताया कि गली नंबर 20 में लंबे समय से पानी जमा है। जलभराव के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना और रोजमर्रा का आवागमन मुश्किल हो गया है। लंबे समय से जमा गंदे पानी से दुर्गंध उठ रही है, जिससे आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है और लोगों को बीमारी फैलने का डर सता रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलभराव वाले पानी में जहरीले सांप और अन्य कीड़े भी दिखाई देते हैं। इससे बच्चों समेत स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर लगातार खतरा बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें जलभराव के बीच से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नगर निगम की ओर से कई बार जल निकासी के लिए अस्थायी इंतजाम किए गए, लेकिन कुछ समय बाद हालात फिर जस के तस हो जाते हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर कब तक अस्थायी व्यवस्थाओं के भरोसे समस्या को टाला जाता रहेगा। उन्होंने निगम अधिकारियों से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने, नालियों की सफाई कराने और गली में जमा पानी की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।

Parvatanchal