ख़ौफ़: विकासनगर में आवारा कुत्तों का आतंक, रोज 30-35 लोग पहुंच रहे अस्पताल

ख़ौफ़: विकासनगर में आवारा कुत्तों का आतंक, रोज 30-35 लोग पहुंच रहे अस्पताल
Spread the love

विकासनगर(आरएनएस)।  नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर के विभिन्न मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर झुंड में घूम रहे आवारा कुत्ते लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। स्थिति यह है कि प्रतिदिन करीब 30 से 35 लोग कुत्तों के काटने के बाद उप जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। नगर पालिका क्षेत्र के भोजावाला रोड, दुर्गा विहार, बाबूगढ़, केशरबाग, मुख्य बाजार, अस्पताल रोड, लक्ष्मणपुर, कोतवाली रोड और सैयद रोड समेत कई स्थानों पर बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों के झुंड देखे जा रहे हैं। इन मार्गों से गुजरने वाले लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को कुत्तों के हमले का डर बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर कुत्ते राहगीरों के पीछे दौड़ते हैं और मौका मिलते ही हमला कर देते हैं। नगर पालिका के अनुसार पालिका क्षेत्र में अब तक करीब 1350 आवारा कुत्तों को चिह्नित किया गया है। इनमें से 1220 कुत्तों का बंध्याकरण कराया जा चुका है। इसके बावजूद कई इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। पालिका की ओर से कुत्तों के आतंक वाले स्थानों को चिह्नित करने की कार्रवाई की जा रही है।
आतंक वाले क्षेत्रों में पकड़ने की तैयारी
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एमके बिष्ट के अनुसार जिन क्षेत्रों से लगातार कुत्तों के काटने की शिकायतें मिल रही हैं, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। स्वयंसेवी संस्था की मदद से इन स्थानों से आवारा कुत्तों को पकड़कर उन्हें एआरवी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पालिका ने लोगों से भी अपील की है कि जिस क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले की घटनाएं अधिक हो रही हैं, उसकी सूचना नगर पालिका को दें, ताकि संबंधित क्षेत्र में कार्रवाई की जा सके।

Parvatanchal